Sunday, November 29, 2026

सीबीएसई 12वीं के टॉपर आदित्य मिश्रा को सीएम ने दिए 3 लाख रुपये, लैपटॉप और स्मार्टफोन

Share

डीपीएस बोकारो के छात्र ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। री-नीट 2026 में भी ऑल इंडिया रैंक 546 प्राप्त की, फिलहाल एम्स भुवनेश्वर में कर रहे हैं एमबीबीएस की पढ़ाई।

रांची, 29 नवंबर 2026: सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 99.60 प्रतिशत अंक लाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले बोकारो के आदित्य मिश्रा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया। झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह में शनिवार को रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में उन्हें पुरस्कार प्रदान किया गया।

आदित्य को सम्मान के रूप में तीन लाख रुपये का ड्राफ्ट, एक लैपटॉप, स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र दिया गया। वह डीपीएस बोकारो के छात्र रहे हैं।

डॉक्टर बनकर सेवा करना चाहते हैं आदित्य

सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदित्य से उसके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा। इस पर आदित्य ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने उसकी सराहना करते हुए आगे की पढ़ाई और लक्ष्य के लिए प्रोत्साहित किया।

सीबीएसई की 12वीं परीक्षा में विज्ञान संकाय के राष्ट्रीय टॉपर रहने के अलावा आदित्य ने री-नीट 2026 में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। उन्होंने परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 546 और सामान्य श्रेणी में 344वीं रैंक हासिल की थी। इस प्रदर्शन के साथ वह जिले के प्रमुख सफल अभ्यर्थियों में शामिल रहे।

एम्स भुवनेश्वर में कर रहे एमबीबीएस

आदित्य फिलहाल भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय के प्राचार्य ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनेंगे और मानव सेवा के अपने उद्देश्य को पूरा करेंगे।

आदित्य की उपलब्धि को शिक्षा के क्षेत्र में बोकारो और झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Read more

Local News