वित्त विभाग ने जारी किया आधिकारिक संकल्प, 1 जुलाई 2026 से मिलेगा बढ़ोतरी का लाभ। कर्मचारियों को जुलाई से एरियर भुगतान का भी रास्ता साफ।
रांची, 29 नवंबर 2026: झारखंड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही डीए की दर मौजूदा 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है। नई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। यानी कर्मचारियों को जुलाई से बढ़ी हुई दर के अनुसार बकाया राशि यानी एरियर भी मिलेगा।
सातवें वेतनमान वाले सभी कर्मचारियों को लाभ
राज्य के वित्त विभाग की ओर से गुरुवार को जारी संकल्प में बढ़े हुए महंगाई भत्ते के भुगतान से संबंधित प्रावधान स्पष्ट किए गए हैं। सातवें वेतनमान के तहत वेतन प्राप्त कर रहे राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों को इस फैसले का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा दूसरे वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के डीए में भी इसी अनुपात में वृद्धि की जाएगी। नई दर लागू होने के बाद संबंधित कर्मचारियों को संशोधित दर से भुगतान किया जाएगा।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद जारी हुआ आदेश
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फैसला केंद्र सरकार की घोषणा के बाद लिया गया। केंद्र ने 29 अक्टूबर को अपने कर्मचारियों के डीए में तीन प्रतिशत की वृद्धि की थी। इसी के अनुरूप झारखंड सरकार ने भी राज्यकर्मियों का महंगाई भत्ता 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने का निर्णय लिया।
18 नवंबर को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब वित्त विभाग का आधिकारिक संकल्प जारी होने के बाद बढ़ी हुई दर से भुगतान और एरियर देने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
