Friday, November 27, 2026

झारखंड में सर्दी ने बढ़ाई दस्तक, रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे

Share

पिछले 24 घंटे में राजधानी के न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट, जमशेदपुर में रात का पारा 15.1 डिग्री दर्ज

रांची: झारखंड में ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे तेज होने लगा है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। बीते 24 घंटे के दौरान रात के तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

रांची में अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। यहां दिन का पारा 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है। इस तरह राजधानी में दिन और रात, दोनों समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।

जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें तो जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। डाल्टेनगंज में रात का तापमान 11.6 डिग्री, बोकारो में 12.1 डिग्री और चाईबासा में 12.2 डिग्री दर्ज किया गया।

दिन के तापमान के मामले में चाईबासा राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में 28 डिग्री और डाल्टेनगंज में 27.2 डिग्री तापमान रहा।

इन जिलों में ऐसा रहा दिन का तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हजारीबाग और बोकारो में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी और लातेहार में पारा 26.7 डिग्री रहा, जबकि सरायकेला में 27.4 डिग्री और दुमका में 27.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

गुमला में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में अंतर बना हुआ है, जबकि रांची में रात की ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

Read more

Local News