पटना: बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा (लाइब्रेरियन एलिजिबिलिटी टेस्ट) की शुरुआत 23 नवंबर से होने जा रही है। परीक्षा 6 दिसंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होगी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं और अभ्यर्थियों के अंतिम प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए हैं। परीक्षा केंद्र पर कई वस्तुओं को ले जाने पर रोक रहेगी। इनमें मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कलाई घड़ी, पर्स और बैग के साथ मेहंदी व नेल पॉलिश भी शामिल हैं।
प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का करना होगा पालन
बोर्ड की ओर से जारी प्रवेश पत्र में परीक्षा की तिथि, समय, पाली और केंद्र की जानकारी दी गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्र और समय में बदलाव के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर केवल प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र और बॉल पेन ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन सहित किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कलाई घड़ी, पर्स और बैग प्रतिबंधित रहेंगे।
बायोमेट्रिक जांच के लिए मेहंदी और नेल पॉलिश पर रोक
परीक्षा में बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों को हाथों पर मेहंदी, स्याही या रंग लगाने से मना किया गया है। नेल पॉलिश लगाने की भी अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा से ठीक 10 मिनट पहले अभ्यर्थियों को उनकी सीट पर लॉग-इन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।
150 प्रश्न, ढाई घंटे का समय; नेगेटिव मार्किंग नहीं
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
परीक्षा में गलत उत्तर देने पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा। अलग-अलग तिथियों और पालियों में परीक्षा आयोजित होने के कारण अंकों के सामान्यीकरण (नॉर्मलाइजेशन) की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
श्रेणीवार न्यूनतम अर्हता अंक निर्धारित
परीक्षा में सफल होने के लिए बोर्ड ने अलग-अलग श्रेणियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक तय किए हैं।
- सामान्य वर्ग: 50 प्रतिशत
- पिछड़ा वर्ग: 45.5 प्रतिशत
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग: 42.5 प्रतिशत
- एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थी: 40 प्रतिशत
17 नवंबर को जारी हुए अंतिम प्रवेश पत्र
बिहार बोर्ड ने 17 नवंबर को परीक्षा के अंतिम प्रवेश पत्र जारी किए थे। अभ्यर्थी आवेदन संख्या या यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
पहले परीक्षा 22 नवंबर से शुरू होने वाली थी, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद इसकी शुरुआत 23 नवंबर से करने का फैसला लिया गया। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट पहले ही निकाल लें और उसमें दर्ज समय के अनुसार पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचें।
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा का उद्देश्य राज्य के स्कूलों में पुस्तकालयाध्यक्ष बनने के लिए आवश्यक योग्यता निर्धारित करना है।
