गिरिडीह: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शनिवार को गिरिडीह स्टेडियम में दो दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, गुलेल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। महोत्सव का उद्घाटन डीसी राम निवास यादव और डीडीसी स्मृता कुमारी ने किया।
गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर किया शुभारंभ
डीसी राम निवास यादव ने गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने झारखंड की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली विरासत और खेल परंपरा का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान केवल सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी राज्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
हॉकी में झारखंड के खिलाड़ी कर रहे हैं बेहतर प्रदर्शन
डीसी ने विशेष रूप से हॉकी का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुशासन विकसित करने और जीवन में सकारात्मक दिशा हासिल करने का अवसर देते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का मंच मिलता है।
अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी और नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
