बोकारो/रांची: झारखंड के बोकारो जिले के ललपनिया में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री को महोत्सव का निमंत्रण सौंपा। इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री को दी गई तैयारियों की जानकारी
मुलाकात के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और समिति के सदस्य लुदू मांझी भी उपस्थित थे।
टीटीपीएस परिसर में होगा तीन दिवसीय आयोजन
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव का आयोजन बोकारो के ललपनिया स्थित टीटीपीएस परिसर में 22, 23 और 24 नवंबर को किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन संताल आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा है।
संताल समाज की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ संताल आदिवासी समाज के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का केंद्र है। यहां आयोजित होने वाला महोत्सव समाज की परंपराओं, धर्म और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करता है। इस वर्ष इसे राजकीय महोत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
