Nawada Cyber Police Attack: बिहार के नवादा जिले में सरकारी कार्रवाई करने पहुंची टीमों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम को निशाना बनाया था। वहीं, बुधवार को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोधीपुर गांव में छापेमारी करने पहुंची साइबर थाना की पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में एसआइ रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पावापुरी अस्पताल ले जाया गया है।
साइबर ठगी के आरोपितों की तलाश में पहुंची थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, साइबर थाना की पुलिस टीम साइबर ठगी के एक मामले में आरोपितों की तलाश में वारिसलीगंज के सोधीपुर गांव पहुंची थी। पुलिसकर्मी गांव में छापेमारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में एसआइ रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए पावापुरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
साइबर डीएसपी ने की घटना की पुष्टि
साइबर डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर ने पुलिस टीम पर हमले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल एसआइ रंजन कुमार की हालत ठीक बताई जा रही है।
हालांकि, हमले में कितने लोग शामिल थे और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
मंगलवार को खनन विभाग की टीम पर हुआ था हमला
नवादा में 48 घंटे के भीतर सरकारी टीम पर हमले की यह दूसरी घटना है। इससे पहले मंगलवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करणपुर बालू घाट स्थित सकरी नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर हमला किया गया था।
इस घटना में खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा, खान निरीक्षक सौरभ अभिषेक और एक होमगार्ड जवान घायल हो गए थे। खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा को सबसे अधिक चोटें आई थीं।
अब अगले ही दिन साइबर थाना की पुलिस टीम पर हमले की घटना ने प्रशासन के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है।
लगातार हमलों से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
अवैध बालू खनन और साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची सरकारी टीमों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। दो दिनों के भीतर हुई इन घटनाओं ने प्रशासनिक टीमों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाई है।
फिलहाल पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।
