लातेहार: छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को लेकर लातेहार पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी कुमार गौरव ने जिले के पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पर्व के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने जिले में लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित कांडों का जल्द निष्पादन करने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधिकारियों को सक्रियता और टीम भावना के साथ काम करने की जरूरत बताई।
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा का रखें ध्यान
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए एसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन पर भी ध्यान देने को कहा। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र की स्थिति के अनुसार आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
मासिक अपराध गोष्ठी में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, वीरेंद्र कुमार राम, उमेश कुमार सिंह और पूजा कुमारी समेत जिले के सभी अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा शाखा प्रभारी उपस्थित थे।.
