चाईबासा: बच्चों और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चक्रधरपुर के रोलाडीह स्थित हाई स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। लक्ष्मी सुरभि संस्था की ओर से आयोजित इस अभियान का संदेश था- ‘नशे से नहीं, सपनों से जुड़ें’। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के सचिव राजेंद्र प्रसाद, टोकलो थाना के एएसआई चितरंजन तिवारी, स्कूल के प्रधानाध्यापक जोसफ टोपनो, डॉ. अजीत कुमार, समाजसेवी पंडित महतो और संस्था के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर शंभू कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
संस्था के सचिव राजेंद्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को शराब, सिगरेट, तंबाकू और दूसरे नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को गलत संगति से बचने और पढ़ाई के साथ अपने भविष्य के लक्ष्यों पर ध्यान देने की सलाह दी।
परिवार को भी जागरूक करने की अपील
डॉ. अजीत कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से जुड़ी बीमारियों और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।
वहीं, समाजसेवी पंडित महतो ने बताया कि विभिन्न सभ्यताओं और बुद्धिजीवी वर्गों ने समय-समय पर नशे का विरोध किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोच-समझकर निर्णय लेने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने की प्रेरणा दी।
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जोसफ टोपनो और शिक्षकों ने लक्ष्मी सुरभि संस्था की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षक हिमांशु कुमार और प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर शंभू कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मोहन कुमार, रश्मि रेखा महतो, अंजू कुंकल, राधा केरकेट्टा, मुन्ना महतो, योगेंद्र महतो, राम सुंदर महतो, गौरी शंकर महतो और सौरभ सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
