Ranchi News, 7 November 2026: मारवाड़ी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-2 ने मधुकम तालाब बस्ती और राजकीय प्राथमिक मध्य विद्यालय, महुआ टोला के बच्चों के साथ प्री-दीपावली उत्सव मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के बीच त्योहार की खुशियां बांटना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।
बच्चों ने बनाए मिट्टी के दीये और रंगोली
कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने बच्चों को मिट्टी के दीये बनाना और उन्हें आकर्षक ढंग से सजाना सिखाया। इसके बाद बच्चों ने रंगोली बनाई और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में परी ने प्रथम और आयुष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। अन्य बच्चों की कलाकृतियों की भी सराहना की गई।
बच्चों के बीच बांटी गई खाने-पीने की सामग्री
उत्सव के दौरान बच्चों के बीच खाने-पीने की वस्तुएं वितरित की गईं। इसके बाद केक काटा गया और सभी बच्चों ने मिलकर ‘हैप्पी दिवाली’ गीत गाया।
स्वयंसेवकों ने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, शिक्षा का महत्व समझने और बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की
मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की उन्होंने सराहना की। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों को आगे भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने दीपावली संदेश में प्राचार्य ने कहा कि त्योहार की वास्तविक खुशी तभी है, जब समाज के जरूरतमंद बच्चों और परिवारों तक भी खुशियां पहुंचें। उनके साथ समय बिताना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना मानवीय संवेदना का परिचय है।
NSS टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में NSS कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन का नेतृत्व और प्रबंधन टीम लीडर यति झा तथा सिद्धांत शौर्य ने अपनी टीम के साथ किया।
इस अवसर पर नितीश कुमार, प्राची झा सहित अन्य NSS स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय योगदान दिया।
BHARATSUPERFASTNEWS
