Saturday, November 7, 2026

सरकारी आवास खाली कराने के बाद टेंट में रह रहीं अंबा प्रसाद, दीपावली यहीं मनाने का ऐलान.

Share

Ranchi News, 7 November 2026: कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के रांची स्थित एचईसी आवास को जिला प्रशासन ने खाली करा लिया है। इस कार्रवाई पर अंबा प्रसाद ने आपत्ति जताते हुए इसे भेदभावपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि वह दीपावली इसी आवास के परिसर में मनाएंगी। इसके लिए उन्होंने घर के बाहर टेंट लगवाया है।

बिना नोटिस आवास खाली कराने का लगाया आरोप

अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने आवास खाली कराने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया। उन्होंने इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए कहा कि वह इस सरकारी आवास में अकेली रह रही थीं। रांची में अपना निजी आवास नहीं होने के कारण उन्होंने सरकार से किराये पर आवास आवंटित करने का आग्रह किया था। इस संबंध में उन्होंने अपनी पार्टी को भी पत्र लिखा था।

दूसरे पूर्व विधायकों को लेकर उठाए सवाल

पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि कई पूर्व विधायक अब भी दो-दो सरकारी आवासों में रह रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने पूछा कि आखिर उनके मामले में ही आवास खाली कराने की कार्रवाई क्यों की गई।

भाई की शादी की तैयारियां हुईं प्रभावित

अंबा प्रसाद के अनुसार, उनके भाई की शादी की तैयारियां इसी आवास से होनी थीं। इसके लिए व्यवस्थाएं की जा रही थीं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई के कारण तैयारियां प्रभावित हो गईं। उन्होंने कहा कि दीपावली से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से उन्हें मानसिक परेशानी हुई है।

टेंट लगाकर मनाएंगी दीपावली

अंबा प्रसाद ने कहा कि इस आवास से उनका विशेष लगाव है और वह किसी भी स्थिति में दीपावली यहीं मनाएंगी। जरूरत पड़ने पर टेंट में रहकर पर्व मनाएंगी, लेकिन आवास परिसर नहीं छोड़ेंगी। फिलहाल आवास पर प्रशासन की ओर से ताला लगाए जाने के बाद उसके समीप टेंट लगाया गया है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News