Friday, November 6, 2026

दीपावली और धनतेरस को लेकर चक्रधरपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Share

Chaibasa News, 6 November 2026: दीपावली और धनतेरस को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम चक्रधरपुर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इसका उद्देश्य शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना था।

प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों से गुजरा फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च में प्रोविजनल आईपीएस जय कुमार जेयराजू, थाना प्रभारी अवधेश कुमार और पुलिस के जवान शामिल हुए। मार्च चक्रधरपुर थाना परिसर से शुरू हुआ और चेकनाका, भगत सिंह चौक, पवन चौक, बाटा रोड, तंबाकू पट्टी रोड, चांदमारी तथा टोकलो रोड होते हुए पोर्टरखोली पहुंचा। इसके बाद फ्लैग मार्च भगत सिंह चौक पर आकर संपन्न हुआ।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने शहरवासियों से दीपावली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News