Friday, November 6, 2026

झारखंड में बालू-पत्थर के भंडारण स्थलों की होगी जांच, अवैध खनन पर कार्रवाई के निर्देश

Share

Ranchi News, 6 November 2026: झारखंड में बालू और पत्थर के अवैध खनन एवं कारोबार पर रोक लगाने के लिए खान विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। खान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा ने राज्य के सभी जिला खनन पदाधिकारियों को खनिज भंडारण स्थलों की जांच करने का निर्देश दिया है। जांच के दौरान भंडारित खनिजों के स्रोत, परिवहन चालान और मासिक विवरणी का सत्यापन किया जाएगा।

फर्जी चालान के जरिए स्टॉक दिखाने की आशंका

खान निदेशक ने अपने पत्र में कहा है कि विभाग को सूचना मिल रही है कि कुछ भंडारण अनुज्ञप्तिधारी पड़ोसी राज्यों और जिलों से खनिजों के नाम पर केवल परिवहन चालान प्राप्त कर स्टॉक का रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं।

विभाग को यह भी आशंका है कि आसपास के क्षेत्रों से अवैध उत्खनन कर बालू और पत्थर भंडारण स्थलों तक पहुंचाए जा रहे हैं। बाद में इन खनिजों को परिवहन चालान के साथ बेचा जा रहा है।

सरकारी राजस्व को नुकसान की आशंका

पत्र के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से अवैध खनन को बढ़ावा मिल रहा है। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ खान विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।

दोषियों पर कार्रवाई और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

खान निदेशक ने सभी जिला खनन पदाधिकारियों को भंडारण स्थलों की जांच कर खनिजों के स्रोत और संबंधित दस्तावेजों का मिलान करने को कहा है। साथ ही, जांच में दोषी पाए जाने वाले भंडारण अनुज्ञप्तिधारियों और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

कार्रवाई की रिपोर्ट भी विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस पहल का उद्देश्य अवैध खनन और खनिजों के अवैध कारोबार पर रोक लगाना तथा सरकारी राजस्व की सुरक्षा करना है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News