Jamshedpur News, 5 November 2026: टाटा स्टील ने भारतीय रेल के साथ दीर्घकालिक टैरिफ अनुबंध (Long Term Tariff Contract-LTTC) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस्पात क्षेत्र में इस तरह का विशेष बहुवर्षीय वाणिज्यिक समझौता करने वाली टाटा स्टील देश की पहली कंपनी बन गई है। इस समझौते से कंपनी को स्थिर मालभाड़े और मालगाड़ियों (रैक) की बेहतर उपलब्धता का लाभ मिलने की उम्मीद है।
तीन से पांच वर्ष की अवधि वाले इस अनुबंध के तहत टाटा स्टील रेलवे को निश्चित माल ढुलाई और राजस्व की गारंटी देगी। इसके बदले रेलवे कंपनी को स्थिर मालभाड़ा, विशेष रियायत और रैक की निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगा।
क्या है LTTC और कंपनी को कैसे होगा फायदा?
लॉन्ग टर्म टैरिफ कॉन्ट्रैक्ट रेलवे और बड़े औद्योगिक संस्थानों के बीच माल ढुलाई को लेकर किया जाने वाला दीर्घकालिक समझौता है। इसके तहत कंपनी एक निश्चित अवधि में रेलवे को तय मात्रा में माल ढुलाई और राजस्व का भरोसा देती है।
समझौते का प्रमुख लाभ यह है कि अनुबंध अवधि के दौरान मालभाड़े में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से टाटा स्टील को सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा, तय सीमा से अधिक माल ढुलाई करने पर कंपनी को विशेष फ्रेट कंसेशन यानी मालभाड़े में छूट भी मिल सकती है।
इस व्यवस्था से रेलवे को नियमित राजस्व मिलने की उम्मीद है, जबकि टाटा स्टील को परिवहन लागत का बेहतर नियोजन करने में मदद मिलेगी।
जमशेदपुर प्लांट और टाटानगर को मिलेगी प्राथमिकता
इस समझौते का सीधा लाभ जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के मुख्य संयंत्र को मिलने की उम्मीद है। प्लांट के लिए नोवामुंडी और ओडिशा के जोड़ा क्षेत्र की खदानों से लौह अयस्क और कोयले की नियमित आपूर्ति की जाती है। वहीं, तैयार स्टील को देश के विभिन्न हिस्सों और बंदरगाहों तक रेल के माध्यम से भेजा जाता है।
अब तक रैक की उपलब्धता में कमी के कारण कई बार माल ढुलाई और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती रही है। नए समझौते के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में टाटानगर स्टेशन और टाटा स्टील की साइडिंग को रैक एवं वैगन उपलब्ध कराने में प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है।
इससे माल लदान की प्रक्रिया तेज होने, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और तैयार स्टील की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।
रेलवे और उद्योग दोनों के लिए फायदेमंद समझौता
LTTC से रेलवे को लंबे समय तक निश्चित माल ढुलाई और राजस्व का भरोसा मिलेगा। दूसरी ओर, टाटा स्टील को परिवहन खर्च में स्थिरता और रैक की बेहतर उपलब्धता का लाभ मिल सकता है।
कुल मिलाकर, यह समझौता जमशेदपुर प्लांट की कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की ढुलाई को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
BHARATSUPERFASTNEWS
