रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 7 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। हवा की गति करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहा, लेकिन अब मौसमी परिस्थितियों में बदलाव के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
ट्रफ लाइन के कारण बदलेगा मौसम
मौसम केंद्र के प्रमुख डॉ. बाबूराज पीपी के अनुसार, वर्तमान में एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर रही है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची और रायपुर के आसपास से गुजर रही है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बादल और बारिश की स्थिति बन सकती है।
5 अक्टूबर को इन इलाकों में अलर्ट
5 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा प्रभावित रहने का अनुमान है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
इसके अलावा हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने तथा कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना जताई गई है।
6 और 7 अक्टूबर को कई हिस्सों में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 अक्टूबर को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
7 अक्टूबर को कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट संभव
अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि, अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची में 5 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज वाले बादल बनने की संभावना भी है। मौसम केंद्र के अनुसार 6 से 8 अक्टूबर के बीच रांची में बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बारिश के कारण राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
BHARATSUPERFASTNEWS
