चक्रधरपुर: पर्व-त्योहारों के मद्देनजर पश्चिमी सिंहभूम जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान तेज कर दिया गया है। रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चक्रधरपुर के कई रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 20 किलो खराब रसगुल्ला समेत एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर कार्रवाई की गई।
मथुरा स्वीट्स में मिली खराब खाद्य सामग्री
जांच के दौरान मथुरा स्वीट्स में करीब 20 किलो खराब रसगुल्ला पाया गया। इसके अलावा पस्ता स्नेक्स की एक्सपायरी सामग्री भी टीम के हाथ लगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के निर्देश पर खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
अभियान के दौरान दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण की व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की गई।
कई प्रतिष्ठानों में मिली कमियां
निरीक्षण के दौरान कुछ रेस्टोरेंट में पैकेटबंद पनीर के इस्तेमाल की जानकारी मिली। वहीं कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। जांच टीम को कुछ दुकानों पर आवश्यक दस्तावेजों की कमी भी मिली।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में क्यूज़ीन फैमिली रेस्टोरेंट, संतुष्ट क्यूज़ीन रेस्टोरेंट, शंकर मिष्ठान भंडार, मथुरा स्वीट्स और छप्पन भोग को नोटिस जारी किया गया।
दुकानदारों को दिए गए निर्देश
अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और खाद्य सामग्री को उचित तरीके से सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही इस्तेमाल और बिक्री करने की हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने ग्राहकों से भी सावधानी बरतने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय उपभोक्ताओं को उसकी एक्सपायरी डेट और अन्य जरूरी जानकारी जरूर देखनी चाहिए।
त्योहारों तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और दीपक कुमार सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
BHARATSUPERFASTNEWS
