Monday, September 28, 2026

झारखंड के VIP की राज्य से बाहर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव, दिल्ली में बढ़ेगी कमांडो और वाहनों की तैनाती.

Share

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, पूर्व मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों समेत प्रमुख वीआईपी के राज्य से बाहर दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। खास तौर पर दिल्ली यात्रा को लेकर पुलिस मुख्यालय स्तर पर नई व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें अतिरिक्त वाहनों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का प्रावधान शामिल है।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर बढ़ेगी सुरक्षा

प्रस्ताव के अनुसार मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान काफिले में तीन से अधिक वाहन रखे जा सकते हैं। जरूरत के मुताबिक दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमांडो भी सुरक्षा में तैनात किए जाएंगे। दिल्ली में पहले से मौजूद झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच के जवानों को भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगाया जाएगा।

राज्यपाल के साथ रहेंगे अतिरिक्त वाहन और जवान

राज्यपाल के दिल्ली दौरे के लिए भी अलग सुरक्षा व्यवस्था प्रस्तावित है। मुख्य वाहन के अलावा एक अतिरिक्त वाहन काफिले में रहेगा। इसके साथ दिल्ली पुलिस के दो स्पेशल कमांडो तैनात किए जाने की योजना है।

झारखंड भवन में तैनात स्पेशल ब्रांच के 45 जवानों में से आठ जवान राज्यपाल के दिल्ली दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा में लगाए जाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के लिए भी व्यवस्था

पूर्व मुख्यमंत्रियों के दिल्ली दौरे के दौरान झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच के जवान सुरक्षा में मौजूद रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को पहले से Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए दिल्ली में भी उनकी सुरक्षा उसी श्रेणी के अनुरूप रखने का प्रस्ताव है।

मंत्रियों के दिल्ली दौरे के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की तैयारी है। उनके साथ एक वाहन रहेगा और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त वाहन तथा सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।

प्रोटोकॉल के कारण आती है सुरक्षा में दिक्कत

दरअसल, राज्य से विमान के जरिए दूसरे राज्यों की यात्रा के दौरान झारखंड पुलिस के जवानों को वीआईपी के साथ ले जाने में सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़ी सीमाएं रहती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली स्थित झारखंड भवन में स्पेशल ब्रांच के करीब 45 जवानों की तैनाती की गई है।

झारखंड से किसी वीआईपी के दिल्ली पहुंचने पर इन्हीं जवानों में से सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत होने पर दिल्ली पुलिस से भी सहयोग मांगा जाता है।

पुलिस मुख्यालय की बैठक में हुआ मंथन

वीआईपी सुरक्षा में बदलाव को लेकर कुछ दिन पहले पुलिस मुख्यालय में बैठक हुई थी। इसमें राज्य से बाहर यात्रा के दौरान सुरक्षा कर्मियों और वाहनों की संख्या, सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा अतिरिक्त बल की तैनाती जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में वीआईपी के साथ दो से अधिक वाहनों की व्यवस्था और दिल्ली दौरे के दौरान दिल्ली पुलिस की विशेष इकाइयों की अतिरिक्त तैनाती पर भी विचार किया गया।

Read more

Local News