रांची: झारखंड में लगातार हो रही बारिश से अब राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 28 सितंबर से बारिश का दौर कमजोर होगा और अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 28 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी रहेगी।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर हुआ कम
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव अब कम हो गया है। 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक राज्य के लिए किसी विशेष मौसम चेतावनी की संभावना नहीं है।
इस दौरान कई इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में 3 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
29 सितंबर से तापमान में बढ़ोतरी
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान बढ़कर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 3 अक्टूबर को रांची में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क रह सकता है।
पुटकी में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में धनबाद के पुटकी में सबसे अधिक करीब 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करमाटांड़ में 44.6 मिमी, जामताड़ा में 42.6 मिमी, नारायणपुर में 41.6 मिमी, बरकीसुरिया में 40.4 मिमी और मैथन में 38 मिमी बारिश हुई।
राजधानी रांची में भी करीब 33 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से मध्य-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ लाइन और उत्तर प्रदेश के उत्तर-मध्य हिस्से में बने वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से राज्य में नमी बनी हुई है।
