Sunday, September 27, 2026

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू का नागरिक अभिनंदन, भाजपा कार्यालय में हुआ सम्मान.

Share

जमशेदपुर: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘गोल्डन लोटस’ से सम्मानित जादूगोड़ा के युवा फिल्मकार रवि राज मुर्मू का रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में नागरिक अभिनंदन किया गया। उनकी संताली फिल्म ‘आंगेन’ को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वोच्च सम्मान मिलने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश बास्के ने की, जबकि महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों ने रवि राज मुर्मू को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

बताया गया कि 22 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रवि राज मुर्मू को उनकी संताली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया था। सम्मान मिलने के बाद जादूगोड़ा क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने रवि राज मुर्मू की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि जादूगोड़ा के छोटे से गांव कुमीरमुड़ी से निकलकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र और संताली सिनेमा को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

नागरिक अभिनंदन समारोह में जिला महामंत्री राजीव सिंह, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, अमर सिंह, शैलेश गुप्ता, शशांक शेखर, काजू शांडिल, संजय मुंडा, लक्ष्मण हांसदा, बीरेन मुर्मू, पवन सोलंकी, प्रेम भूमिज, अभय गोंड, गणेश मुंडा, विजय गोंड, किशोर ओझा, उज्ज्वल कुमार और संजीत चौरसिया समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Read more

Local News