रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण रविवार को प्रसारित हुआ। सितंबर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित कार्यक्रम को झारखंड भाजपा कार्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्क्रीन के माध्यम से सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक हमलों का भी जिक्र किया।
आंवला और स्थानीय उत्पादों पर चर्चा
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने आंवला के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े महत्व पर बात की। उन्होंने देश के अलग-अलग जिलों में आंवला उत्पादन और इससे जुड़े स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों का उल्लेख किया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयोगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल का भी जिक्र किया।
जनगणना में भागीदारी की अपील
प्रधानमंत्री ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि इस बार दो करोड़ से अधिक लोगों ने जनगणना के लिए पंजीकरण कराया है।
महात्मा गांधी की जयंती का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने 2 अक्टूबर को स्वच्छता के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने देशवासियों को आने वाले तीज-त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं।
संदीप वर्मा ने कार्यक्रम को बताया ऊर्जादायक
झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने ‘मन की बात’ को प्रेरणा और ऊर्जा देने वाला कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें हर महीने इस कार्यक्रम का इंतजार रहता है।
संदीप वर्मा के मुताबिक, इस बार प्रधानमंत्री ने अशोक सिंघल की जन्मशती, सोमनाथ मंदिर, सुंदरवन में बाघों की बढ़ती संख्या, युवाओं को नशे से दूर रखने, पोषण और देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों जैसे विषयों पर बात की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दे लोगों को प्रेरित करने वाले हैं।
