Sunday, September 27, 2026

पटना में ट्रैफिक नियमों पर पुलिस का शिकंजा, 25 दिनों में 57 हजार से ज्यादा चालान और 8.72 करोड़ जुर्माना.

Share

पटना: राजधानी में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। सितंबर के शुरुआती 25 दिनों में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ 57,518 चालान किए गए और करीब 8.72 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस के मुताबिक यह रकम अगस्त में हुई वसूली के लगभग बराबर है, जबकि सितंबर के अभी पांच दिन बाकी हैं।

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बताया कि आने वाले तीन दिनों में भी विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क सुरक्षा मजबूत करना है।

हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, चालान की कार्रवाई में सबसे ज्यादा मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने से जुड़े हैं। इसके बाद सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन चलाने जैसे उल्लंघन सामने आ रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस इन मामलों में लगातार जांच कर रही है और नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी पर भी निगरानी

वाहन चालकों के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर भी वरिष्ठ अधिकारियों की नजर है। ट्रैफिक एसपी के अनुसार, अधिकारी अलग-अलग ट्रैफिक पोस्ट का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं।

ड्यूटी से अनुपस्थित रहने या काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।

सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ स्केटिंग मैराथन

सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए रविवार को पटना में स्केटिंग मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 5 बजे से दीघा गोलंबर से एलसीटी घाट तक आयोजित होगा।

इसमें प्रतिभागियों के लिए 3, 5 और 10 किलोमीटर की तीन श्रेणियां रखी गई हैं। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बड़े तक हिस्सा ले सकते हैं।

बिना शुल्क होगा रजिस्ट्रेशन

स्केटिंग मैराथन का उद्घाटन ट्रैफिक के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार करेंगे। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने युवा स्केटर्स और स्थानीय लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

प्रतिभागियों से नी गार्ड सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने को कहा गया है। आयोजन में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और पंजीकरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा।

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यक्रमों के जरिए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए वाहन चालकों और आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

Read more

Local News