Sunday, September 27, 2026

रांची स्टेशन से लापता 4 साल का बच्चा साहिबगंज में मिला, पांच आरोपी गिरफ्तार.

Share

रांची: रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर को लापता हुए चार वर्षीय बच्चे को रांची पुलिस ने साहिबगंज के तीनपहाड़ से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है।

तकनीकी जांच से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर मामले में सुराग जुटाए।

जांच के दौरान मिले एक अहम सुराग के आधार पर धनबाद पुलिस की मदद से एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। इसके बाद उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।

तीनपहाड़ में छापेमारी, चार और गिरफ्तार

रांची पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान चार वर्षीय बच्चे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस अब पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका और बच्चे के अपहरण के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

कई जिलों की पुलिस ने मिलकर किया काम

बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के साथ संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक स्तर से भी सहयोग मिला। रांची पुलिस के अनुसार, विभिन्न जिलों की टीमों ने देर रात तक समन्वय के साथ कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Read more

Local News