गिरिडीह: डुमरी-गिरिडीह मुख्य सड़क पर बंदरकुप्पी के पास एएसआई के बेटे ऋतिक यादव की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल गठित किया गया है। सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में टीम मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
जांच टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और स्पेशल सेल के मणिकांत की टीम शामिल है। पुलिस के अनुसार, छह से अधिक लोगों से पूछताछ की जा रही है। इनमें घटनास्थल के मैगी दुकानदार के अलावा आजसू छात्र संघ से जुड़े कुछ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
आजसू छात्र संघ से जुड़ा बताया जा रहा सतीश
पुलिस जांच में जिस सतीश यादव का नाम सामने आया है, वह पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह का रहने वाला बताया गया है। जानकारी के अनुसार वह आजसू छात्र संघ की जिला कमेटी में उपाध्यक्ष है।
सतीश के संगठन से जुड़े होने की जानकारी के बाद पुलिस ने आजसू छात्र संघ के जिलाध्यक्ष अक्षय यादव को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। अधिकारियों ने सतीश के बारे में अक्षय से जानकारी ली। पूछताछ में अक्षय ने उसके जिला उपाध्यक्ष होने की पुष्टि की है।
इधर, पुलिस की एक टीम सतीश यादव की तलाश में जुटी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ अलग-अलग बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
मैगी खाने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे ऋतिक यादव अपने दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर सतीश यादव के साथ उसका विवाद हो गया। इसके बाद कथित तौर पर सतीश ने अपने साथियों को बुलाया और ऋतिक तथा उसके दोस्तों के साथ मारपीट हुई।
मारपीट की घटना में ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए कई लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
जल्द गिरफ्तारी का पुलिस का दावा
सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि बंदरकुप्पी के पास हुई मारपीट की घटना में ऋतिक यादव की मौत हुई है। मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और कुछ लोगों को थाने लाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की दिशा में काम कर रही है।
