सिमडेगा: गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर सिमडेगा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने शुक्रवार को 63 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सुरेश राव खोतरे के निर्देश पर चल रहे अभियान के दौरान जनवरी 2026 से अब तक कुल 636 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।
कई राज्यों से बरामद हुए मोबाइल
पुलिस की मौजूदा कार्रवाई में झारखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा सहित अन्य राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद 63 मोबाइल में 8 ऐसे फोन हैं, जिनकी शिकायत CEIR पोर्टल पर दर्ज की गई थी। वहीं 55 मोबाइल अन्य तकनीकी माध्यमों और पुलिस की कार्रवाई के जरिए ट्रेस कर बरामद किए गए।
एसपी कार्यालय में मालिकों को सौंपे फोन
शुक्रवार को एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीकांत सुरेश राव खोतरे ने बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे इंतजार के बाद अपना फोन वापस मिलने पर लोगों ने राहत और खुशी जताई।
एसपी ने कहा कि मोबाइल फोन सिर्फ एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं है। इसमें लोगों के जरूरी संपर्क, दस्तावेज और निजी जानकारी भी सुरक्षित रहती है। ऐसे में मोबाइल के गुम या चोरी होने से आर्थिक नुकसान के साथ जरूरी डेटा को लेकर भी परेशानी होती है।
उन्होंने बताया कि सिमडेगा पुलिस तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल और टीम के समन्वित प्रयासों के जरिए गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। अभियान के तहत आगे भी मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
