रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में जलजमाव और खराब सड़कों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रातू रोड स्थित वेजिटेबल मार्केट के सामने फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल राहगीरों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को भी इस हिस्से से गुजरते समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रातू रोड वेजिटेबल मार्केट के सामने मुख्य सड़क पर कई जगह गड्ढे हैं। बारिश के बाद इनमें पानी जमा हो गया है, जिससे सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। वाहनों के गुजरने पर पानी और कीचड़ के कारण आसपास से पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है।
जयपुर रोड पर भी जलजमाव
वार्ड नंबर 1 के जयपुर रोड में भी कई जगह बारिश का पानी सड़क पर जमा है। वहीं वार्ड नंबर 5 के खिजुर टोला रोड की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
तेज बारिश के दौरान खिजुर टोला रोड पर घुटने तक पानी जमा होने की स्थिति बन रही है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी सड़क पर ही ठहर रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ ई-रिक्शा चालकों को भी यहां से निकलने में कठिनाई हो रही है।
सिरमटोली चौक के पास भी सड़क जर्जर
सिरमटोली चौक के आसपास भी सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बीच जर्जर सड़क और जलजमाव ने पैदल चलने वालों की मुश्किल बढ़ा दी है।
इस संबंध में वार्ड नंबर 5 के पार्षद अवधेश बैठा ने बताया कि खिजुर टोला रोड के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि निगम बोर्ड की बैठक में भी सड़क को लेकर निर्णय लिया जा चुका है। बरसात समाप्त होने के बाद जर्जर सड़क की मरम्मत का काम कराया जाएगा।
