Friday, September 25, 2026

27 सितंबर को रांची में जुटेंगे झारखंडभर के रक्तदाता, रक्तदान व्यवस्था पर होगी अहम बैठक.

Share

रांची: झारखंड के सभी 24 जिलों से रक्तदाता, रक्तदान संगठन और कैंप आयोजित करने वाले प्रतिनिधि 27 सितंबर को रांची में एकत्र होंगे। मेन रोड स्थित केन होटल में झारखंड राज्यस्तरीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में करीब 150 सक्रिय रक्तदान आयोजकों और संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। रक्त विकार से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों के साथ सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की भागीदारी भी प्रस्तावित है।

रक्त की उपलब्धता और मरीजों की परेशानी पर होगी चर्चा

बैठक में राज्य की वर्तमान रक्तदान व्यवस्था, विभिन्न स्थानों पर रक्त की उपलब्धता और रक्त विकार से संबंधित बीमारियों के मरीजों को आने वाली समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ाने के लिए किए जा सकने वाले प्रयासों पर भी चर्चा होगी।

आयोजकों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों के दौरान रक्तदान और रक्त विकार से जुड़ी व्यवस्था में कई तरह की चुनौतियां सामने आई हैं। जिलों से आने वाले रक्तदाता और संस्थाएं अपने अनुभव साझा करेंगे और मौजूदा व्यवस्था से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों को बैठक में रखेंगे।

सरकारी नीति और जमीनी क्रियान्वयन भी एजेंडे में

बैठक में रक्तदान से संबंधित सरकारी नीतियों और उनके जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा प्रस्तावित है। रक्त की उपलब्धता बढ़ाने, मरीजों की समस्याओं को कम करने और व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव तैयार करने पर प्रतिनिधि मंथन करेंगे।

कमेटी के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को मजबूत करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे की रणनीति पर विचार करना है।

बैठक के संबंध में सूचना झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी की ओर से जारी की गई है। इसे राज्य संयोजक रक्तवीर नदीम खान, रक्तवीर सपन कुमार महतो और रक्तवीर सूरज झंडाई ने जारी किया है।

Read more

Local News