रांची: रांची पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। जनशिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत सुखदेवनगर और धुर्वा थाना क्षेत्र से कुल 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सुखदेवनगर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एएसपी कोतवाली निखिल राय की मौजूदगी में 9 मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और खुशी जताई।
महिला पत्रकार का चोरी हुआ फोन भी मिला
बरामद मोबाइल में एक महिला पत्रकार का फोन भी शामिल था। उनका मोबाइल काफी समय पहले चोरी हो गया था। लंबे अंतराल के बाद फोन वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताया।
वहीं, धुर्वा थाना क्षेत्र में बरामद चार मोबाइल फोन भी संबंधित लोगों को सुपुर्द किए गए। पुलिस के अनुसार, इस महीने धुर्वा इलाके से अब तक छह गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।
चार लोगों को सौंपे गए मोबाइल
धुर्वा थाना क्षेत्र से बरामद चार फोन जितेंद्र कुमार, सोना लाल, राकेश श्रीवास्तव और संतोष सुमन को लौटाए गए। मोबाइल वापस मिलने के बाद सभी ने पुलिस की पहल की सराहना की।
लोगों ने बताया कि काफी समय बीत जाने के कारण उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद कम हो गई थी। पुलिस के प्रयास से फोन मिलने पर उन्हें राहत मिली।
पुलिस ने आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही
कार्यक्रम के दौरान धुर्वा थाना परिसर में यातायात एसपी राकेश रंजन और थाना प्रभारी अनिल तिवारी समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश एवं बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
