Saturday, September 19, 2026

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नवंबर 2026 के पहले सप्ताह में झारखंड का दौरा कर सकते हैं।

Share

रांची : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नवंबर 2026 के पहले सप्ताह में झारखंड का दौरा कर सकते हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के झारखंड प्रभारी के. राजू ने 18 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को पत्र भेजकर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी खूंटी में पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाले गांवों के पारंपरिक ग्राम प्रधानों से संवाद करेंगे। इस दौरान पेसा नियमावली के क्रियान्वयन और ग्राम सभा की भूमिका जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है।

रांची में DCC अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम

राहुल गांधी के दौरे के दौरान रांची में जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) के अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी तैयारी है। वे DCC अध्यक्षों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

अक्टूबर तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश

दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस को अक्टूबर तक कई तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। पांचवीं अनुसूची वाले क्षेत्रों में पारंपरिक ग्रामसभा प्रधानों की सूची तैयार कर संबंधित DCC अध्यक्षों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी तय की गई है।

इसके अलावा अक्टूबर में प्रखंड स्तर पर पारंपरिक ग्राम प्रधानों के लिए पेसा नियमावली से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें DCC अध्यक्ष, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष और पेसा मास्टर ट्रेनर शामिल होंगे।

ग्राम प्रधानों को पहचान पत्र देने की तैयारी

कांग्रेस की ओर से पारंपरिक ग्रामसभा प्रधानों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के लिए पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग से अनुरोध करने की बात भी कही गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम और प्रशिक्षण के जरिए पेसा नियमावली तथा ग्राम सभा की भूमिका से जुड़े विषयों पर जानकारी देने की तैयारी की जा रही है।

Read more

Local News