रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को मंच देने और उनके बीच खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से पहली बार इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को हटिया स्थित हॉकी स्टेडियम में प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ।
स्पोर्ट्स मीट की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/SERSA रांची करुणा निधि सिंह और सर्वो रांची की अध्यक्ष निधि सिंह ने की। दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के बाद थीम सॉन्ग पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद विभिन्न रेलवे विभागों की टीमों ने स्काउट एवं गाइड के ढोल की धुन पर मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने SERSA रांची के प्रतीक चिह्न का अनावरण किया। मार्च पास्ट के बाद प्रतिभागी दलों का परिचय कराया गया और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की गई।
उद्घाटन दिवस पर एथलेटिक्स की स्पर्धाएं कराई गईं। महिला और पुरुष रेलकर्मियों के लिए 100 मीटर दौड़ तथा पुरुष कर्मचारियों के लिए 400 मीटर रिले आयोजित हुई। विभिन्न विभागों से पहुंचे कर्मचारियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल कर्मचारियों के बीच अनुशासन, टीमवर्क, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग की भावना मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
रांची रेल मंडल में पहली बार हो रहे इस आयोजन से अलग-अलग विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। आयोजन के जरिए कर्मचारियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में सर्वो रांची की उपाध्यक्ष अजीता रानी, अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह समेत रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
