देवघर : देवघर एसपी प्रवीन पुष्कर की अध्यक्षता में शुक्रवार को मासिक क्राइम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी और डीएसपी शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की स्थिति, पुराने मामलों के निष्पादन और लंबित केसों की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद एसपी ने बताया कि मासिक क्राइम बैठक का उद्देश्य प्रत्येक थाना क्षेत्र में मामलों की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेना और पुराने केसों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा करना है। थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्र में दर्ज मामलों, निपटाए गए पुराने केसों और लंबित मामलों से संबंधित रिपोर्ट ली जाती है।
एसपी ने श्रावणी मेले के दौरान पुलिस व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मेले के संचालन के दौरान किन क्षेत्रों में कमियां रह गईं और किन व्यवस्थाओं में आगे सुधार की जरूरत है, इस पर मंथन किया जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में लंबित मामलों में से 50 प्रतिशत का निष्पादन तीन महीने के भीतर करने का प्रयास करना है।
देवघर में अब ई-बीट पुलिसिंग व्यवस्था को भी मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत अपराध नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों की निगरानी के लिए बारकोड आधारित व्यवस्था लागू की जा रही है। बैंक, ज्वेलरी शॉप और मॉल जैसे प्रमुख स्थानों पर बारकोड लगाए जा रहे हैं।
पुलिस कर्मी संबंधित स्थानों पर पहुंचकर बारकोड स्कैन करेंगे और वहां की मौजूदा स्थिति की जानकारी दर्ज करेंगे। एसपी के अनुसार, इस व्यवस्था से पुलिस की क्षेत्रीय निगरानी को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने गश्ती दल, ई-बीट पुलिसिंग और पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि पर्व के दौरान प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बनी रहे।
