रामगढ़: जिले के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे 40 लोगों ने मंगलवार को डीसी के जनता दरबार में अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में डीसी ऋतुराज ने सभी फरियादियों की बातें बारी-बारी से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पेंशन से लेकर जमीन विवाद तक के आवेदन
जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, कंपनसेशन स्कीम, होमगार्ड बहाली, जाति प्रमाण पत्र, अबुआ आवास और भूमि विवाद से जुड़े मामले सामने आए। इसके अलावा दाखिल-खारिज, मुआवजा, पेयजल, रोजगार और नाली निर्माण जैसी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने आवेदन सौंपे।
डीसी ने सभी आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए मामलों की गंभीरता से जांच और निर्धारित समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
फरियादियों ने बतायी अपनी-अपनी परेशानी
रामगढ़ प्रखंड के कोठार गांव की सरिता देवी ने विक्टिम कंपनसेशन स्कीम के तहत राशि नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं लाडली कुमारी ने होमगार्ड बहाली के लिए दिए गए आवेदन में सुधार की मांग रखी।
इसी तरह फैयाज अहमद ने जाति प्रमाण पत्र जारी कराने तथा अजीबुल्लाह ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि बैंक खाते में नहीं पहुंचने की समस्या डीसी के सामने रखी।
डीसी ने कहा- लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें
डीसी ऋतुराज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर तय समय के भीतर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को अपनी समस्या के निपटारे के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की शिकायतों के शीघ्र समाधान और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
