धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में मंगलवार सुबह भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया। जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ काली मंदिर के पास अचानक जमीन धंसने से कई मकान इसकी चपेट में आ गए और जमींदोज हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भू-धंसान के दौरान कुछ लोग मलबे में फंस गए थे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू कर उन्हें बाहर निकाला। हादसे में करीब छह से सात लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
अवैध कोयला खनन को बताया जा रहा हादसे की वजह
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में पहले अवैध तरीके से कोयला खनन किया गया था। उनका दावा है कि खनन के कारण जमीन अंदर से कमजोर हो गई और इसी वजह से भू-धंसान हुआ।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
सड़क पर उतरे प्रभावित परिवार
भू-धंसान के बाद नाराज ग्रामीणों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास और तत्काल पुनर्वास की मांग को लेकर लोग सड़क पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित रहने की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बाघमारा विधायक भी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भी हादसे के लिए इलाके में पहले हुए अवैध खनन को जिम्मेदार बताया।
विधायक के मुताबिक, अवैध माइनिंग की वजह से जमीन के भीतर खाली स्थान बनने और जमीन कमजोर होने के कारण ऐसी घटना हुई है। उन्होंने प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया।
एक बच्ची की मौत की सूचना, पुष्टि का इंतजार
विधायक ने घटना में एक बच्ची की मौत होने की सूचना दी है। इसके अलावा करीब छह से सात लोगों के घायल होने की बात कही गई है।
हालांकि, हादसे में वास्तव में कितने मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए और कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी पूरी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और प्रशासन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तथा घटना की जांच की मांग की जा रही है।
धनबाद और आसपास पहले भी सामने आ चुकी हैं भू-धंसान की घटनाएं
कोयला खनन क्षेत्र होने के कारण धनबाद और आसपास के इलाकों में भू-धंसान की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हाल के मामलों में बीसीसीएल एरिया-10 के लिलोरी पथरा बालूगद्दा में जमीन धंसने, गिरिडीह में सीसीएल के एरिया अस्पताल के प्रभावित होने तथा धनबाद के भगतडीह में मकानों में दरार आने की घटनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा छाताबाद और कतरास क्षेत्र में भी भू-धंसान के कारण कई मकानों के क्षतिग्रस्त या जमींदोज होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
