Tuesday, September 8, 2026

AICTE Post-Doctoral Fellowship: 200 PhD अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका, हर महीने ₹65 हजार तक की फेलोशिप.

Share

रांची: रिसर्च और डेवलपमेंट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे पीएचडी धारकों के लिए अच्छी खबर है। ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) की पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप योजना के तहत देशभर से 200 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित शोधकर्ताओं को हर महीने करीब 65 हजार रुपये की फेलोशिप दी जाएगी।

यह फेलोशिप कम से कम एक साल और अधिकतम दो साल की अवधि के लिए होगी। ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जो AICTE से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान में फुल-टाइम अथवा रेगुलर मोड में पोस्ट-डॉक्टरल रिसर्च करना चाहते हैं।

इन विषयों के शोधकर्ताओं को मिलेगा अवसर

AICTE की इस पहल का उद्देश्य पीएचडी पूरी कर चुके शोधकर्ताओं को रिसर्च और डेवलपमेंट में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के दायरे में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, डिजाइन, होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथेमेटिक्स सहित एप्लाइड साइंस, प्लानिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, एप्लाइड आर्ट्स, क्राफ्ट एंड डिजाइन और इंटर-डिसिप्लिनरी क्षेत्रों से जुड़े रिसर्च स्कॉलर्स भी इसके लिए पात्र हो सकते हैं।

फेलोशिप के लिए संबंधित संस्थानों और विश्वविद्यालयों को AICTE ADF पोर्टल पर कैंडिडेट यूनिक आईडी तैयार करनी होगी। इसी पोर्टल के माध्यम से आगे आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

20 अक्टूबर तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन

पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद आवेदनों की समीक्षा 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच की जाएगी।

चयनित उम्मीदवारों के नाम 15 दिसंबर 2026 तक घोषित किए जाने हैं। फेलोशिप की शुरुआत 1 जनवरी 2027 से होगी। चयनित शोधार्थियों को राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दी जाएगी।

AICTE की तीन स्कॉलरशिप योजनाओं के लिए भी आवेदन जारी

AICTE की ओर से छात्रों के लिए कई अन्य स्कॉलरशिप योजनाओं में भी आवेदन का अवसर दिया गया है। प्रगति स्कॉलरशिप, सक्षम स्कॉलरशिप और स्वनाथ स्कॉलरशिप के डिग्री व डिप्लोमा वर्ग के लिए 31 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है।

इन आवेदनों के सत्यापन के लिए भी अलग-अलग समयसीमा निर्धारित की गई है। INO स्तर पर वेरिफिकेशन 15 नवंबर तक और SNO स्तर पर 30 नवंबर तक किया जाना है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के जरिए करना होगा।

INSPIRE Award MANAK में झारखंड के 11,654 मॉडल का नामांकन

इधर, झारखंड में स्कूली विद्यार्थियों के नवाचार को बढ़ावा देने वाली INSPIRE Award MANAK योजना के तहत नामांकन की प्रक्रिया भी चल रही है। राज्य के स्कूलों से अब तक 11,654 विद्यार्थियों के मॉडल पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं।

पिछले साल की तुलना में इस बार नामांकन की संख्या में काफी कमी आई है। वर्ष 2025 में झारखंड के स्कूलों से 45,336 विद्यार्थियों के मॉडल का नामांकन हुआ था। ऐसे में इस वर्ष ज्यादा से ज्यादा छात्रों को योजना से जोड़ना शिक्षा विभाग के लिए अहम चुनौती है।

पलामू सबसे आगे, साहिबगंज में सबसे कम नामांकन

जिलावार आंकड़ों में पलामू सबसे आगे है। यहां अब तक 2,105 विद्यार्थियों के मॉडल का नामांकन किया जा चुका है।

वहीं साहिबगंज में स्थिति कमजोर बनी हुई है। जिले से अभी तक केवल 76 विद्यार्थियों के मॉडल दर्ज हुए हैं। राजधानी रांची में भी नामांकन अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। यहां अब तक 526 विद्यार्थियों के मॉडल पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं, जबकि जिले में INSPIRE योजना के लिए 821 स्कूल पंजीकृत हैं।

शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों को विद्यार्थियों के नए विचारों और इनोवेटिव मॉडल को अधिक संख्या में पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। INSPIRE Award MANAK का उद्देश्य स्कूली बच्चों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक नजरिया और नवाचार की प्रवृत्ति विकसित करना है। योजना के तहत चयनित विचारों और मॉडलों को आगे बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।

Read more

Local News