रांची: चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव धाम परिसर में श्री स्वर्णकार दुर्गा पूजा समिति के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से संतोष कुमार सोनी को समिति का अध्यक्ष और पंकज प्रसाद को महासचिव चुना।
बैठक की अध्यक्षता अधिवक्ता रविंद्र लाल ने की, जबकि संचालन सुरेश प्रसाद साहू ने किया। नई समिति को इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन व्यवस्थित और भव्य तरीके से कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समिति के विस्तार पर जोर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी को समाज के सक्रिय सदस्यों को जोड़कर समिति का विस्तार करने की जिम्मेदारी भी दी गई। बैठक में स्वर्णकार समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अध्यक्ष संतोष सोनी ने समाज के लोगों से पूजा आयोजन में सहयोग करने और समिति से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से स्वर्णकार समाज की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा को बेहतर स्वरूप दिया जा सकता है और इसे झारखंड में एक उदाहरण के तौर पर स्थापित किया जा सकता है।
कोलकाता के कारीगर बनाएंगे पूजा पंडाल
समिति के अनुसार, इस बार दुर्गा पूजा के लिए पंडाल का डिजाइन तय कर लिया गया है। पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी कोलकाता से आने वाले कारीगरों को दी जाएगी। बैठक में प्रस्तावित पंडाल के डिजाइन की तस्वीर भी साझा की गई।
बैठक में समाज के कई लोग रहे मौजूद
बैठक में अधिवक्ता रविंद्र लाल, सुरेश प्रसाद साहू, संतोष कुमार सोनी, अधिवक्ता संतोष कुमार सिन्हा, डॉ. प्रेम कुमार सोनी, संजय कुमार, दिलीप कुमार साव, नीतीश कुमार, पवन कुमार बर्मन, संजीव कुमार और अनुध बर्मन समेत स्वर्णकार समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।
