पटना: बिहार सरकार ने सोमवार देर शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 14 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में पटना प्रमंडल के आयुक्त के अलावा भोजपुर, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी और कैमूर के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं। वहीं, ग्रामीण विकास, गृह, वित्त, शिक्षा, निगरानी, समाज कल्याण, PHED और मद्य निषेध समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राजेश कुमार होंगे पटना प्रमंडल के नए आयुक्त
जारी अधिसूचना के अनुसार PHED के प्रधान सचिव राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। वर्तमान आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास को ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार अब गृह विभाग के प्रधान सचिव होंगे।
विनय कुमार को वित्त विभाग की जिम्मेदारी
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है। वाणिज्य कर, GST और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव का अतिरिक्त प्रभार उनके पास पहले की तरह बना रहेगा।
शिक्षा और PHED में भी बदलाव
लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी को PHED विभाग का सचिव बनाया गया है।
वहीं उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन को शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। उनके पास उच्च शिक्षा विभाग के सचिव और वित्त विभाग के सचिव (संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें शिक्षा विभाग के पूर्ण प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी
तबादले के साथ कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिए गए हैं। अरविंद कुमार चौधरी को BIPARD के महानिदेशक का अतिरिक्त दायित्व मिला है।
जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है।
पांच जिलों में नए जिलाधिकारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत पांच जिलों में नए DM की नियुक्ति की गई है।
- मनेश कुमार मीणा — भोजपुर के नए जिलाधिकारी
- रिची पांडेय — बेगूसराय के नए जिलाधिकारी
- विजय प्रकाश मीणा — सीवान के नए जिलाधिकारी
- तनय सुल्तानिया — सीतामढ़ी के नए जिलाधिकारी
- कुमार अनुराग — कैमूर के नए जिलाधिकारी
मनेश कुमार मीणा इससे पहले खान निदेशक के पद पर कार्यरत थे। वहीं तनय सुल्तानिया भोजपुर के जिलाधिकारी थे। कुमार अनुराग बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
इस प्रशासनिक बदलाव के जरिए राज्य सरकार ने कई प्रमुख विभागों और जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव किया है।
