रांची, 14 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। “एक ध्वज, एक राष्ट्र, एक भावना” संदेश के साथ निकाली गई इस यात्रा में करीब 100 एनसीसी कैडेट्स और 60 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन 1/3 कंपनी एनसीसी ने कॉलेज के आईक्यूएसी और एनएसएस के सहयोग से किया। यात्रा की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई, जहां प्राचार्या डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर और एएनओ कैप्टन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव की मौजूदगी में प्रतिभागियों को रवाना किया गया।
कॉलेज परिसर से निकलकर तिरंगा यात्रा शहीद चौक पहुंची और इसके बाद अल्बर्ट एक्का चौक की ओर आगे बढ़ी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए कैडेट्स और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक मार्च किया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से मार्ग का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश के स्वतंत्रता संग्राम, वीरों के त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कैप्टन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में यात्रा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
