Thursday, August 13, 2026

रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस पर कड़ी सुरक्षा, बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर रोक.

Share

रांची: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समारोह स्थल पर बिना अनुमति ड्रोन से फोटो या वीडियो बनाने पर रोक रहेगी। प्रशासन के मुताबिक ड्रोन के इस्तेमाल की अनुमति केवल अधिकृत विभागीय गतिविधियों के लिए होगी।

गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल कराया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की निगरानी में 15 अगस्त को होने वाली गतिविधियों का अभ्यास किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वतंत्रता दिवस के दिन मोरहाबादी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

हर आगंतुक की होगी जांच

सुरक्षा और कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई। अधिकारियों को अपनी निर्धारित ड्यूटी पर समय से पहुंचने और जिम्मेदारियों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने समारोह स्थल की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जाएगी। आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री के साथ किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

14 प्लाटून परेड में होंगी शामिल

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परेड टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट और सलामी का अभ्यास किया। समारोह में CRPF, ITBP, SSB, CISF, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, JAP-1, JAP-2, JAP-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और NCC की बालक-बालिका टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

JAP-1, JAP-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी। परेड में फर्स्ट इन कमांड की जिम्मेदारी 2022 बैच के IPS अधिकारी राघवेंद्र शर्मा को दी गई है, जो फिलहाल रामगढ़ में पदस्थापित हैं। सेकेंड इन कमांड की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर संभालेंगे।

मुख्य अतिथियों के आगमन की भी तैयारी

उपायुक्त ने अधिकारियों को अपनी ड्यूटी, जिम्मेदारियों और तैनाती स्थल से संबंधित सभी जानकारी पहले से स्पष्ट रखने को कहा। मुख्य अतिथियों के आगमन और कार्यक्रम स्थल पर उनकी आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करना है।

Read more

Local News