रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनकी सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग की ओर से जारी सूची में विशिष्ट सेवा, वीरता और सराहनीय सेवा के लिए चुने गए पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं। सम्मान पाने वालों में तीन आईपीएस अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी भी हैं।
इस बार एक एएसआई को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, जबकि पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा तीन आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 23 पुलिस अधिकारियों और जवानों को सराहनीय सेवा के लिए पदक मिलेगा।
एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक जैप-1 में तैनात एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को दिया जाएगा।
वहीं वीरता पदक के लिए लातेहार के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू का चयन किया गया है।
तीन IPS अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा श्रेणी में जिन वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, उनमें रेल आईजी डॉ. माईकेलराज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।
इस श्रेणी में स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरूण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय और आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी का भी नाम है।
एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जाएगा।
कई जिलों के जवान भी सम्मानित होंगे
रांची जिला बल के एएसआई दीपक पुंज और सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो को भी इस श्रेणी में सम्मान मिलेगा। एसटीएफ के हवलदार इकबाल, बिन्दराय मुण्डरी और विजय थापा भी पदक पाने वालों में शामिल हैं।
जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो, प्रभा देवी और महिला हवलदार रंजिता कुजूर को भी सराहनीय सेवा के लिए चुना गया है।
इसके अतिरिक्त गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे, जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाला यह सम्मान समारोह पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए चयनित अधिकारियों एवं जवानों के योगदान को सम्मानित करेगा।
