लातेहार: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आजसू पार्टी ने मंगलवार को लातेहार में प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय मोड़ के पास सड़क पर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित किया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से की बातचीत
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद अंचल निरीक्षक उमेश प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर सड़क खाली कराने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे तक प्रदर्शन और सड़क जाम के बाद आजसू कार्यकर्ता वहां से हट गए, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।
छात्रों की मांगों का समर्थन
आजसू जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही है। आजसू नेताओं ने नियुक्ति परीक्षाओं से संबंधित छात्रों की शिकायतों पर सरकार से उचित कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन में आजसू पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
