Saturday, August 8, 2026

Hazaribagh News: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का DC ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश.

Share

Hazaribagh: हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने फार्मेसी सेंटर, जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी, एमटीसी सेंटर, ओपीडी, एक्स-रे, रेडियोलॉजिस्ट और अल्ट्रासाउंड कक्ष समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं तथा समस्याओं की जानकारी भी ली।

दवा वितरण के लिए बढ़ाए जाएंगे काउंटर

जन औषधि केंद्र और फार्मेसी सेंटर में मरीजों की भीड़ और असुविधा को देखते हुए उपायुक्त ने जन औषधि केंद्र को दूसरे उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया। साथ ही दवा वितरण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल परिसर में पांच अलग-अलग स्थानों पर फार्मेसी काउंटर संचालित करने को कहा।

एमटीसी सेंटर में मिली अनियमितता

एमटीसी सेंटर के निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की भी जांच की गई। दवा लिखने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने की जानकारी सामने आने पर उपायुक्त ने संबंधित डीआरसीएचओ से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।

पैथोलॉजी व्यवस्था सुधारने पर जोर

पैथोलॉजी विभाग और ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण करते हुए डीसी ने कार्यप्रणाली की समीक्षा की। कुछ स्तर पर लापरवाही मिलने के बाद रजिस्ट्रेशन सेंटर में तैनात कर्मी को हटाकर दूसरे कर्मचारी को जिम्मेदारी देने का निर्देश दिया गया।

मरीजों की सुविधा के लिए जांच शुल्क के भुगतान की ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों व्यवस्था रखने तथा अतिरिक्त काउंटर शुरू करने को कहा गया। इसके अलावा अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न जांचों की जानकारी स्पष्ट और क्रमवार तरीके से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर को भी मरीजों की सुविधा के अनुरूप उचित स्थान पर स्थानांतरित करने को कहा गया।

दलालों पर सख्ती के निर्देश

उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए पर्याप्त साइनेज बोर्ड और माइकिंग सिस्टम लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल को दलालों से मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया। डीसी ने स्पष्ट किया कि किसी अधिकारी या कर्मचारी की दलालों के साथ मिलीभगत सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

पार्किंग व्यवस्था भी होगी दुरुस्त

अस्पताल परिसर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को परिसर से बाहर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Read more

Local News