Saturday, August 8, 2026

Bokaro News: डीपीएस बोकारो में एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग पर शिक्षकों की कार्यशाला.

Share

बोकारो: नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शिक्षकों को बदलती तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो में शनिवार को जिलास्तरीय डेलिबरेशन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में ‘कंप्यूटेशनल थिंकिंग और अंडरस्टैंडिंग ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ विषय पर शिक्षकों ने विचार साझा किए।

14 स्कूलों के करीब 30 शिक्षक हुए शामिल

सीबीएसई के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निर्धारित डेलिबरेशन विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में बोकारो जिले के 14 विद्यालयों से करीब 30 शिक्षक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने अपने-अपने संस्थानों में 21वीं सदी की शिक्षा के अनुरूप किए जा रहे तकनीकी और शैक्षणिक प्रयोगों की जानकारी विशेषज्ञों के सामने रखी।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीपीएस बोकारो के प्राचार्य सह सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. ए. एस. गंगवार, बीआईटी मेसरा के डॉ. मनीष कुमार पांडेय और डॉ. प्रियांक सक्सेना तथा आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रो. अरुण दयाल उदय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान डीपीएस बोकारो के वरीय उप प्राचार्य अंजनी भूषण, उपप्राचार्या शालिनी शर्मा, प्रधानाध्यापिका डॉ. सरिता गंगवार सहित विद्यालय के अन्य पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

शिक्षा में एआई की बढ़ती भूमिका पर जोर

डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कंप्यूटेशनल थिंकिंग आने वाले समय की शिक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। उन्होंने कक्षा शिक्षण में तकनीक के उपयोग के जरिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत बताई।

वहीं डॉ. मनीष कुमार पांडेय ने कहा कि भविष्य की तकनीकी व्यवस्था में डेटा की भूमिका लगातार बढ़ेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को शुरुआती कक्षाओं से ही एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग की बुनियादी समझ देने पर जोर दिया।

शिक्षकों ने प्रस्तुत किए केस पेपर

कार्यशाला के पहले सत्र में शिक्षकों ने अपने-अपने केस पेपर प्रस्तुत किए। इनमें विद्यालयों में किए जा रहे नवाचार, कक्षा में एआई के संभावित उपयोग, समस्या समाधान क्षमता विकसित करने और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को बेहतर बनाने से जुड़े प्रयास शामिल रहे।

इन स्कूलों के शिक्षक हुए शामिल

कार्यशाला में डीपीएस बोकारो के अलावा डीपीएस चास, जीजीपीएस बोकारो, जीजीपीएस चास, श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, आदर्श विद्या मंदिर, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, डीवाई पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, होलीक्रॉस बालीडीह, होलीक्रॉस चंदनकियारी, इनोवेट पब्लिक स्कूल बेरमो, लीला जानकी पब्लिक स्कूल पेटरवार, पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया और सैमफोर्ड इंटरनेशनल एकेडमी बोकारो के शिक्षकों ने भाग लिया।

Read more

Local News