बोकारो: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को बोकारो में आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंच निर्माण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने यह भी देखा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं समय पर तैयार हों।
लोकनृत्य से लेकर फैशन शो तक होंगे कार्यक्रम
महोत्सव में झारखंड की जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। पारंपरिक लोकनृत्य, मांदर और नगाड़े की प्रस्तुति, लाइव पेंटिंग तथा आदिवासी परिधान पर आधारित फैशन शो कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे।
इसके अलावा विभिन्न विभागों और संस्थाओं की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां हस्तशिल्प, लोक चित्रकला और पारंपरिक जनजातीय खान-पान से जुड़े स्टॉल भी रहेंगे।
आदिवासी संस्कृति और विरासत पर होगी परिचर्चा
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी विचार और दर्शन से जुड़े विषयों पर परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि यह महोत्सव जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, परंपरा और विरासत को व्यापक स्तर पर सामने लाने का अवसर है।
उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के साथ अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था, मंच संचालन और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देने जैसी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की
निरीक्षण के दौरान डीडीसी शताब्दी मजूमदार, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, डीपीआरओ मो. सफीक आलम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन के अनुसार, 9 अगस्त को टाउन हॉल परिसर में होने वाला यह आयोजन बोकारो की जनजातीय विविधता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का प्रमुख मंच होगा।
