रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में शुक्रवार को स्नातक के नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कम छात्र प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के नए प्रशासनिक भवन स्थित रवींद्रनाथ टैगोर सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। पहले सत्र में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के अंतर्गत बीबीए और बीसीए के नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। दूसरे सत्र में हिंदी, भूगोल, गणित और लोक प्रशासन विभाग के नए विद्यार्थियों को शामिल किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन सीखने, सोच विकसित करने और अपने व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ-साथ नवाचार, शोध, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।
कुलपति ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। इस अवसर पर कुलपति, छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) डॉ. सर्वोत्तम कुमार और कुलानुशासक डॉ. अजय चौधरी ने नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के पहचान पत्र भी वितरित किए।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. धनंजय द्विवेदी ने छात्रों को अनुशासन, नियमितता और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने की सलाह दी। वहीं डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने नैतिक मूल्यों और निरंतर अध्ययन के महत्व को बताया।
पहले सत्र में सेंटर फॉर वोकेशनल स्टडीज की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रजनी कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के निदेशक डॉ. जेपी शर्मा, बीसीए विभाग की सह-समन्वयक डॉ. नमिता लाल और डॉ. जाफर अब्बास ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
दूसरे सत्र में कुलानुशासक डॉ. अजय चौधरी ने छात्रों को विश्वविद्यालय के नियमों और अनुशासन के बारे में जानकारी दी। विभिन्न विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत मेजर और माइनर विषयों के चयन, क्रेडिट सिस्टम और सेमेस्टर आधारित विषय चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके लिए प्रस्तुतीकरण के माध्यम से छात्रों को विस्तार से समझाया गया। विश्वविद्यालय की ओर से इसकी डिजिटल सामग्री भी उपलब्ध कराने की बात कही गई।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी विभागों में भी इसी तरह के इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की व्यवस्था से परिचित कराया गया और नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया।
