गुमला: जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय माई भारत सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने की।
- बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में चल रहे माई भारत पोर्टल पंजीकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अभियान को तेज करते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें।
- जिला युवा अधिकारी पुलकित खुराना ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से पोर्टल पर युवाओं के जुड़ाव और अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माई भारत पोर्टल युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भागीदारी करने, स्वयंसेवी कार्यों से जुड़ने और विभिन्न अवसरों का लाभ उठाने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है।
- उपायुक्त ने कहा कि जिले को मिले निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों, प्लस-टू विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के योग्य छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, सिविल सर्जन शंभूनाथ चौधरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
