गुमला: समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिमेष रंजन ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, समर ऐप, पोषण ट्रैकर ऐप और आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
- डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूरा किया जाए, ताकि जिले को मिले लक्ष्यों को हासिल किया जा सके।
उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीडीपीओ और पर्यवेक्षकों के लॉगिन से लंबित मामलों, एफआरएस और एनपीसीआई से संबंधित पेंडेंसी को खत्म करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत सभी बच्चों की जानकारी अनिवार्य रूप से समर ऐप पर दर्ज करने को कहा। साथ ही कुपोषित बच्चों से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और सभी मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी सहित सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) और महिला पर्यवेक्षक (एलएस) उपस्थित रहे।
