Friday, August 7, 2026

असम बाढ़ राहत के लिए झारखंड सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ, मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजे 3 करोड़ रुपये.

Share

रांची: असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए झारखंड सरकार ने मानवीय पहल करते हुए 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। यह राशि असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को पत्र लिखकर राज्य सरकार की ओर से सहयोग और संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बाढ़ के कारण असम में व्यापक स्तर पर जन-धन की क्षति हुई है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे समय में एक राज्य के रूप में झारखंड का दायित्व है कि वह संकट की घड़ी में असम के लोगों के साथ खड़ा रहे और राहत कार्यों में सहयोग करे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी गई है, ताकि राहत एवं पुनर्वास कार्यों को मजबूती मिल सके। उन्होंने यह भी दोहराया कि यदि भविष्य में किसी अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी तो झारखंड सरकार हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य के सक्षम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं और राहत कार्यों में योगदान दें।

उन्होंने प्राकृतिक आपदा के बीच असम के लोगों के धैर्य और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना की सराहना करते हुए उनके शीघ्र सामान्य जीवन में लौटने की कामना की। साथ ही मां कामाख्या से राज्य के लोगों की सुरक्षा, राहत कार्यों की सफलता और जल्द हालात सामान्य होने की प्रार्थना भी की।

Read more

Local News