Tuesday, August 4, 2026

नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने उमड़ी भीड़, पहली पुण्यतिथि पर आयोजित होंगे कई कार्यक्रम.

Share

रामगढ़: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नेमरा पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और सम्मान का वातावरण बना हुआ है।

पहली पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत सोना-सोबरन विद्यालय परिसर में शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही विकास मेला भी आयोजित होगा, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किए जाने की तैयारी है।

नेमरा और आसपास के क्षेत्रों को विशेष रूप से सजाया गया है। गोला से नेमरा तक प्रमुख मार्गों पर पोस्टर, होर्डिंग और प्रदर्शनी के माध्यम से शिबू सोरेन के जीवन, झारखंड आंदोलन में उनके योगदान, जल-जंगल-जमीन की लड़ाई और सार्वजनिक जीवन की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। मार्गों पर बनाए गए आकर्षक प्रवेश द्वार भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड की पहचान, अधिकारों और अलग राज्य के आंदोलन के लिए लंबा संघर्ष किया। उनके समर्थकों का मानना है कि राज्य के विकास और उनके सपनों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रतिमा स्थल, मुख्य आयोजन स्थल, हेलीपैड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही प्रमुख मार्गों, पुल-पुलियों और संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Read more

Local News