Sunday, September 13, 2026

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज, नेमरा में श्रद्धांजलि और विकास कार्यक्रमों का होगा आयोजन.

Share

रामगढ़: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा (गोला प्रखंड, रामगढ़) में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ विकास से जुड़े कई आयोजन भी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूर्वाह्न लगभग 11 बजे नेमरा पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे, इसके बाद पैतृक आवास पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री शहीद सोबरन मांझी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

विकास मेला और परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ नेमरा-लुकैयाटांड़ मैदान में विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा।

कई राज्यों से पहुंचेंगे समर्थक

कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, झारखंड आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ लोग, विभिन्न राजनीतिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से भी समर्थकों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां

प्रशासन ने आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। गोला चौक से नेमरा तक मार्गों को बैनर, झंडों और प्रकाश व्यवस्था से सजाया गया है। प्रमुख कार्यक्रम स्थल लुकैयाटांड़ मैदान में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जहां हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए हेलीपैड भी बनाया गया है।

प्रतिमा स्थल के आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। परिसर की दीवारों को पारंपरिक सोहराय कला से सजाया गया है तथा आगंतुकों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी प्रबंध किया गया है।

सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम

कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पैतृक आवास परिसर में बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सुविधा केंद्र, पेयजल व्यवस्था और सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा

कार्यक्रम से पहले प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने और सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के निर्देश दिए। जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

Read more

Local News