रांची: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को रांची समाहरणालय परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान कर उन्हें श्रद्धांजलि देने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इस दौरान शिबू सोरेन के सामाजिक योगदान, जनसेवा और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया जाएगा।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ अपने अधीनस्थ कर्मियों को भी इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है और यह मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है।
उपायुक्त ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपने सार्वजनिक जीवन में गरीबों, आदिवासियों और वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। उनका जीवन समाज सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। ऐसे में उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर केवल श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का भी संदेश देगा।
जिला प्रशासन ने सभी इच्छुक अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से स्वेच्छा से रक्तदान शिविर में भाग लेने और इस सामाजिक पहल को सफल बनाने की अपील की है।
