धनबाद: जिले में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से झारखंड पुलिस मुख्यालय ने धनबाद पुलिस को 40 नई बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए हैं। शनिवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के शामिल होने से जिले में गश्ती व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता होगी बेहतर
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अतिरिक्त वाहनों की उपलब्धता से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसी भी सूचना या घटना पर पहले की तुलना में अधिक तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इससे जिले के विभिन्न थानों में नियमित गश्त और अन्य पुलिस गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
डायल-112 सेवा को मिलेगा समर्थन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य डायल-112 आपातकालीन सेवा को और प्रभावी बनाना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। इसी दिशा में धनबाद पुलिस को नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
पहले भी मिल चुके हैं वाहन और बाइक
एसएसपी ने जानकारी दी कि इससे पहले भी जिले को 40 बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा पहले चरण में पुलिस को 115 मोटरसाइकिलें भी मिली थीं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में लगभग 45 से 50 नई बाइक और मिलने की संभावना है, जिससे पुलिस की फील्ड मोबिलिटी और बेहतर होगी।
कार्यक्रम में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित जिले के विभिन्न पुलिस अधिकारी और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
